
दरभंगा में एम्स का निर्माण मेरी ही पहल पर होने जा रहा: CM
दरभंगा-16 दिसबंर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज दरभंगा में प्रस्तावित एम्स की अधिग्रहित की गई भूमि का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके पश्चात डीएमसीएच ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री ने दरभंगा एम्स तथा अवशेष भूमि पर डीएमसीएच के पुनर्गठन के लिए समीक्षा बैठक की।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि दरभंगा एम्स के लिए 200 एकड़ भूमि की कोई उपयोगिता नहीं है। इसके लिए 150 एकड़ भूमि पर्याप्त है। डीएमसीएच के पास जितनी जमीन है उसमें से एम्स के लिए जितनी जरुरी हो उतनी जमीन दी जाय। उन्होंने कहा कि मेरी पहल पर ही दरभंगा में एम्स का निर्माण होने जा रहा है। मेरी इच्छा थी कि डीएमसीएच को ही एम्स में अपग्रेड कर दिया जाय।
उन्होंने कहा कि पीएमसीएच पटना के बाद बिहार का दूसरा मेडिकल कॉलेज दरभंगा में बना था। पीएमसीएच में पढ़ने वाले डॉक्टर जिस तरह से आज विदेशों में हैं,वैसे ही डीएमसीएच से पढ़े हुए डॉक्टर भी अनेक जगहों पर हैं। जब हम केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे तो कई जगहों पर जाने के दौरान डीएमसीएच से पढ़े हुए डॉक्टर मिल जाते थे इसलिए डीएमसीएच का भी भी बहुत इंपोटेंस है।
सीएम ने कहा कि पीएमसीएच का हमलोग विस्तार करवा रहे हैं। आबादी को ध्यान में रखते हुए डीएमसीएच का भी विस्तार किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा में एम्स का निर्माण हो रहा है। यह लो लाइन लैंड है। इसको ध्यान में रखते हुए मिट्टी भराई का कार्य सुनिश्चित किया जाय ताकि जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो। जल निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम की भी व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड कॉरिडोर की डिजाइन इस प्रकार की हो कि एम्स के साथ-साथ डीएमसीएच तक लोग सहूलियत पूर्वक आवागमन कर सकें। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीएमसीएच की बाउंड्रीवाल को और ऊंचा करने की जरुरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा शहर में तीन बड़े तालाब डिस्टर्व हो रहे हैं।जल-जीवन- हरियाली अभियान के तहत जिस प्रकार से तालाबों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है, उसी तरह से इन तालाबों का भी सौन्दर्यीकरण हो ताकि इन तालाबों के चारों तरफ वृक्षारोपण के साथ ही लोगों के टहलने की भी व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि दरभंगा में एयरपोर्ट होने से दूर दराज से आने वाले लोगों को काफी सहूलियत हो रही है। एयर एंबुलेंस भी आसानी से आ सकती है।
समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री, विधायक संजय सरावगी के आवास पर पहुंचे। विधायक संजय सरावगी ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने भी मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मिथिलांचल के साथ हमारा शुरु से रिश्ता रहा है। दरभंगा एम्स के लिए सभी तरह के इंतजाम किये जा रहे हैं। एम्स के लिए 150 एकड़ जमीन दी जायेगी। असामाजिक तत्व कुछ गड़बड़ नहीं कर सके, इसे ध्यान में रखते हुए डीएमसीएच की बाउंड्रीवाल को ऊंचा किया जायेगा। जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए मिट्टी भराई का कार्य भी किया जायेगा। ड्रेनेज सिस्टम को भी दुरुस्त किया जायेगा ताकि जल निकासी आसानी से हो सके।


