जैसलमेर- 25 सितंबर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को जैसलमेर के सीमावर्ती तनोट क्षेत्र में तनोट मातेश्वरी मंदिर में माता के दर्शन किए। मुख्यमंत्री गहलोत जयपुर से स्टेट हैंगर से रवाना होकर जैसलमेर पहुंचे। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास भी पहुंचे। जैसलमेर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर द्वारा मुख्यमंत्री का तनोट पहुंचने पर प्रशासनिक और सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों ने किया स्वागत किया। हेलीपैड से सीधे विजय स्तम्भ पहुंच उन्होंने शहीदों को पुष्पचक्र चढ़ा कर श्रद्धांजलि अर्पित की और फिर माता के दरबार में पहुंचे। जहां पुजारी मनीष ने अशोक गहलोत का तिलक कर अभिनन्दन किया। गहलोत ने विधिवत पूजा अर्चना की और माता के दर्शन किये। मुख्यमंत्री गहलोत की तनोट माता के प्रति गहरी आस्था व श्रद्धा है।
मंदिर में दर्शन के मीडिया से रूबरू हो रहे सीएम गहलोतने कहा, मेरे लिए कोई पद महत्वपूर्ण नहीं, मैं 40 साल से पार्टी में हूं। मुझे पार्टी ने सब कुछ दिया, नई पीढ़ी को चांस मिले। मुझे कांग्रेस आलाकमान जो भी जिम्मेदारी देगा, मैं उसे निभाऊंगा। उन्होंने कहा, आज देश में हालात बहुत खतरनाक है, देश का लोकतंत्र खतरे में है, देश में ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग हो रहा है। मेरी कलम गरीब के लिए चली है, उनके हक में चली है, मैं अंतिम सांस तक राजस्थान के लोगों की सेवा करता रहूंगा, मैं किसी पद पर रहूं या नहीं रहूं सेवा करता रहूंगा।
