
कश्मीर में 3 अलग-अलग अभियानों में 8 ‘ओवरग्राउंड वर्कर’ गिरफ्तार
श्रीनगर- 25 अगस्त। सुरक्षाबलों ने कश्मीर में तीन अलग-अलग अभियानों के दौरान आठ ‘ओवरग्राउंड वर्कर’ (आतंकी सहयोगियों) को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और सेना के जवानों ने शोपियां जिले के इमामसाहिब इलाके में एक बाग में संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने नजीर अहमद वानी के बाग से एक ग्रेनेड, दो एके मैगज़ीन, चार मोबाइल फोन और एक प्रतिबंधित आतंकी संगठन के पोस्टर बरामद किए और तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया। इन तीन संदिग्ध ओवरग्राउंड वर्करों की पहचान आशिक हुसैन कुमार, आरिफ कुमार और हैरिस मंजूर के तौर पर हुई है।
सुरक्षाबलों ने सोमवार देर रात शोपियां जिले से भी तीन ओजीडब्लू को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उनके पास से दो हैंड ग्रेनेड और हिज्बुल मुजाहिदीन आतंकी संगठन से जुड़ी कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। गिरफ्तार लोगों की पहचान जुनैद अहमद डार, आमिर यूसुफ और जुनैद मुजफ्फर के तौर पर हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा संबंधी मिली जानकारी के आधार पर यारवान जंगल इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान’ चलाया गया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के दौरान संयुक्त टीमों ने दो लोगों को जंगल से सीबी नाथ गांव की ओर संदिग्ध हालत में आते देखा। सतर्क टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों की पहचान लतीफ अहमद दीदाद और एजाज अहमद बजाद के तौर पर हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान उनके पास से एक पिस्तौल, पिस्तौल की 12 गोलियां और एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया और संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया। आर्म्स एक्ट और गैर-कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और उनकी गतिविधियों का पता लगाने, बरामद हथियारों और गोला-बारूद के स्रोत और आगे के संबंधों की पहचान करने के लिए जांच शुरू की गई।



