
अग्निपथ योजना के विरोध में 24 जून को देशभर में विरोध-प्रदर्शन: टिकैत
मेरठ- 20 जून। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने अग्निपथ योजना के विरोध में 24 जून को देशभर में विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। सोमवार को राकेश टिकैत ने अपने ट्विटर से विरोध प्रदर्शन करने की बात कही।
केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों के विरोध में 13 महीने तक धरना देने वाले संयुक्त किसान मोर्चा ने अब अग्निपथ योजना का विरोध शुरू कर दिया है। सोमवार को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने अपने ट्विटर अकाउंट से अग्निपथ योजना के विरोध में 24 जून को देशभर में जिला और तहसील मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा की कॉर्डिनेशन कमेटी द्वारा करनाल में यह फैसला लिया गया। राकेश टिकैत ने इसके लिए युवाओं, आम लोगों, पार्टियों और संगठनों से जुटने की अपील की है। भाकियू के 30 जून के प्रदर्शन की बजाय 24 जून के प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही है। इससे पहले सोमवार को बागपत में भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने भी अग्निपथ योजना को युवाओं के साथ भद्दा मजाक करार दिया और इसे वापस लेने की बात कही।



