
आज से शारदीय नवरात्रि शुरू, पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा
मधुबनी – 11 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र का आरंभ हो गया है। आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शारदीय नवरात्र शुरू होते हैं। इन नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा की जाती है।
आज पहले दिन कलश स्थापना के साथ माता के आगमन पर स्वागत किया गया और प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। मान्यता है कि नवरात्र में दुर्गा चालीसा के पाठ से सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होती है।
रविवार को कलश स्थापना के साथ ही पूजा-अर्चना शुरू होते ही मंदिरों में चहल-पहल बढ़ गई है। शहर के गिलेशन बाजार, आरके कॉलेज चौक,कोतवाली चौक और भौआड़ा स्थित दुर्गा मंदिरों की भव्य सजावट की गई है। मंदिरों को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है, वहीं घरों में भी मां दुर्गा के दरबार सजाए गए हैं।
मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है। आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेयजल सहित अन्य सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा जा रहा है।



