
RANCHI:- पेट्रोल पंप लूट कांड का खुलासा, 3 गिरफ्तार
रांची-12 दिसम्बर। रांची के सिकिदिरी थाना पुलिस ने बालाजी फ्यूल सेंटर से हथियार के बल पर हुई लूट कांड का खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में नामकुम निवासी नवीन कच्छप उर्फ चौबे कच्छप, नगड़ी निवासी विजय नायक और ओरमांझी निवासी राजेश कुमार महतो हैं। इनके पास से दो देशी कट्टा, चार जिन्दा गोली,लूटा गया नगद 19 हजार रूपया, लूटा गया एक मोबाईल, एक चाकू और एक बाइक बरामद किया गया है। ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भूसूर सिकिदिरी में बीते पांच दिसंबर की रात बालाजी फ्यूल सेंटर में कुछ अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर 86 हजार रुपये और चार मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए थे। एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सिल्ली डीएसपी
किस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल नवीन कच्छप को नामकुम से गिरफ्तार किया। इसके निशानदेही पर दो अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया गया ।इनके पास से लूट का 19 हजार नगद, हथियार, चाकू,बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि घटना को पांच लोगों ने मिलकर अंजाम दिया था। दो अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फरार अपराधियों में एक पूर्व पेट्रोल पंप कर्मी है।



