
मधुबनी में शारदीय नवरात्र की तैयारी पूरी, कलश स्थापना के साथ होगी मां शैलपुत्री की पूजा
मधुबनी- 10 अक्टूबर। शहर में शारदीय नवरात्र की तैयारी पूरी कर ली गई है। रविवार को कलश स्थापना के साथ मां के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की जाएगी। शहर के गिलेशन बाजार, आरके कॉलेज चौक, कोतवाली चौक, भौआड़ा दुर्गा मंदिर पर कलश स्थापना की तैयारी पूरी कर ली गई है। मंदिरों की भव्य सजावट को अंतिम रूप दिया गया है। शहर के दुर्गा मंदिरों को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है।
मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी व सदस्य पूजा के विविध कार्यों के संपादन में जुटे हैं। दुर्गा मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेयजल सहित अन्य सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा जाएगा।
कलश स्थापना की पूर्व संध्या पर शहर में पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर काफी चहल-पहल रही। घरों में मां दुर्गा के दरबार को सजाने के लिए सजावटी सामानों की दुकानों पर देर शाम तक भीड़ लगी रही। स्थानीय फल मंडी में केला, सेब, मखाना, काजू, किशमिश की जमकर बिक्री हुई। वहीं, पूजा सामग्री में धूप, अगरबत्ती, नारियल, जौ, मां की चुनरी, मिट्टी के दीया, धूपदानी की खरीदारी होती रही। पं. ऋषिनाथ झा ने बताया कि कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त सूर्योदय से दोपहर 3 बजे तक है। इसी अवधि में कलश स्थापना कर मां की पूजा आरंभ करने का संकल्प लिया जा सकता है।



