
PATNA:- नौबतपुर के आपूर्ति पदाधिकारी 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
पटना- 09 सितंबर। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पटना जिले के नौबतपुर प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी टीम ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विनोद राम को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, नौबतपुर प्रखंड क्षेत्र के बारा पंचायत के जन वितरण प्रणाली दुकानदार अवधेश कुमार शर्मा से किसी काम के एवज में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की गयी थी। लगातार परेशान किए जाने के बाद डीलर ने इसकी लिखित शिकायत पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए निगरानी टीम ने जाल बिछाया।
निगरानी टीम ने जाल बिछाया के अनुसार कार्रवाई की। जैसे ही प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विनोद राम ने दस हजार रुपये रिश्वत की राशि हाथ में ली, पहले से मुस्तैद निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम आरोपी आपुर्ति पदाधिकारी को अपने साथ पटना ले गई। जहां निरानी कोर्ट में हाजिर किया जाएगा।



