
PATNA: इंदौर एक्सप्रेस से शराब तस्करी, छात्रा गिरफ्तार, बिहार पुलिस में भर्ती की कर रही थी तैयारी
पटना- 09 सितंबर। पटना जंक्शन पर शराब तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने एक युवती और उसके साथी युवक को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को पहले ही सूचना मिली थी कि एक युवती ट्रेन से शराब लेकर पटना पहुंच रही है। सूचना के बाद पुलिस ने जंक्शन के बाहर निगरानी शुरू कर दी।
युवती इंदौर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी से पटना पहुंची थी। उसके साथ एक युवक भी था। जैसे ही दोनों स्टेशन से बाहर निकलने लगे, पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी में युवती के पर्स और बैग से शराब की बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में युवती ने बताया कि वह दानापुर की रहने वाली है, बीए की पढ़ाई के साथ-साथ बिहार पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही है। उसने बताया कि बनारस से शराब लाने के लिए उसे 2 हजार रुपये देने की बात कही गई थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



