
नेपाल के राष्ट्रपति ने बालेन्द्र सरकार के 6 अध्यादेशों में सिर्फ 1 को दी मंजूरी
काठमांडू- 30 अप्रैल। नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की कैबिनेट से मंजूर कुल 6 अध्यादेशों में से सिर्फ एक अध्यादेश को मंजूरी दी है। बाकी 5 अध्यादेशों को फिलहाल होल्ड पर रखा गया है। राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता रितेश कुमार शाक्य के अनुसार सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति पौडेल ने यह अध्यादेश जारी किया। राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 114(1) के अनुसार सहकारी (पहला संशोधन) अध्यादेश जारी किया गया है। इससे पहले संवैधानिक परिषद, नेपाल ऐन, स्वास्थ्य विज्ञान प्रतिष्ठान, विश्वविद्यालय और सार्वजनिक पदाधिकारियों की पदमुक्ति से संबंधित अध्यादेश भी राष्ट्रपति के पास भेजे गए थे।
राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार बाकी पांच अध्यादेश फिलहाल अध्ययन और विचार-विमर्श की प्रक्रिया में हैं। प्रवक्ता शाक्य ने यह भी कहा कि वे यह नहीं बता सकते कि अन्य अध्यादेश आज ही जारी होंगे या नहीं। राष्ट्रपति पौडेल आज ही इन अध्यादेशों के विषय में संवैधानिक विशेषज्ञों के साथ परामर्श भी कर रहे हैं। कुछ संवैधानिक विशेषज्ञ इस चर्चा के लिए शीतल निवास पहुंच चुके हैं। राष्ट्रपति भवन की तरफ से बताया गया है कि अन्य अध्यादेशों पर राष्ट्रपति पौडेल संवैधानिक विद्वानों से सलाह लेकर आगे निर्णय करेंगे।



