
MADHUBANI:- जय माता दी ट्रेडर्स कुरकुरे प्रतिष्ठान पर सेल टैक्स का छापा, हड़कंप
मधुबनी- 01 सितंबर। सेल टैक्स की टीम गुरुवार को नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार गदियानी मोहल्ला स्थित जय माता दी ट्रेडर्स में छापेमारी की। प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर पर टैक्स चोरी करने का आरोप है। सुबह सेल टैक्स की टीम के प्रतिष्ठान पर पहुंचते ही हड़कंप मच गया। वहां मौजूद प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर मनोज कुमार से अधिकारियों ने खरीद बिक्री पंजी,स्टॉक पंजी एवं अन्य जरूरी पेपर दिखाने को कहा। अधिकारियों ने स्टॉक का भी वेरिफिकेसन किया। देर शाम तक वाणिज्य कर विभाग की टीम वहां विभिन्न पंजियों की जांच मे जुटी थी। जांच टीम में अंचल प्रभारी के अलावा इंदु चोहान,मो.जावेद अख्तर सहित अन्य लोग शामिल थे।
जानकारी के अनुसार जय माता दी ट्रेडर्स के प्रोपराइटर मनोज कुमार मुख्य रूप से कुरकुरे,लेज,टॉफी,बिस्किट आदि का कारोबार करते हैं। वह सरकार को खरीदारी अधिक दिखाते हैं, परंतू बिक्री का सही ब्यौरा नहीं देते हैं। इससे सरकार को टैक्स नहीं मिल पाता है। पिछले छह महीनों से लगातार यह आंकड़ा देखकर विभाग के अधिकारियों ने संज्ञान लिया।
गुप्त रूप से छानबीन के बाद गुरुवार को अचानक प्रतिष्ठान पर सेल टैक्स की टीम पहुंची। वाणिज्य कर संयुक्त आयुक्त मधुबनी अंचल मक्केश्वर शर्मा बिक्री कम दिखा कर टैक्स चोरी करने का प्रथम दृष्टया मामला सामने आने के बाद गदियानी स्थित जय माता दी ट्रेडर्स में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान खरीद बिक्री पंजी मांगने पर प्रोपराइटर द्वारा पूरा कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। आंशिक रूप से ही खरीदी बिक्री पंजी प्रस्तुत किया गया। स्टाॅक वेरीफिकेशन एवं विभिन्न कागजातों की जांच जारी है। जांच पूर्ण होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



