
MADHUBANI:- छठ से पहले अतिक्रमण मुक्त होगा चकदह गुलटेनी पोखर, सीओ ने दिया आश्वासन
मधुबनी- 10 अक्टूबर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 21 स्थित चकदह गुलटेनी पोखर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग आरटीआई एक्टिविस्ट व सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष यादव उर्फ हनुमानजी ने रहिका अंचल के सीओ रोहित कुमार से की है। सीओ ने आश्वासन दिया है कि नवरात्र के बाद पोखर को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। सुभाष यादव ने बताया कि लोक आस्था का महापर्व छठ नजदीक आ गया है। यह पोखर वर्षों से छठव्रतियों के लिए मुख्य अर्घ्य स्थल रहा है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में चारों ओर अतिक्रमण बढ़ गया है। घाटों पर कचरा, झाड़-झंखाड़ और अवैध कब्जे के कारण श्रद्धालुओं को पूजा में परेशानी होती है।
उन्होंने कहा कि छठ में अब कुछ ही दिन बाकी हैं, लेकिन प्रशासन ने अभी तक साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की है। सदर एसडीओ के आदेश के सालों बाद भी पोखर अतिक्रमण की चपेट में है। सरकारी तालाब को बचाने के लिए स्थानीय लोगों को सालों से संघर्ष करना पड़ रहा है। छठ से पहले पोखर खाली नहीं हुआ तो यह प्रशासन की नाकामी नहीं, बल्कि आम आदमी के संघर्ष का अपमान होगा। उन्होंने मांग की है कि अविलंब गुलटेनी पोखर को अतिक्रमण मुक्त कर घाटों की मरम्मत और गहरी सफाई कराई जाए, ताकि हजारों व्रती स्वच्छ वातावरण में भगवान भास्कर को अर्घ्य दे सकें।



