
MADHUBANI: भू-माफियाओं का दबंगई का अखाड़ा बना स्टेशन चौक का एक भू-खंड, आनन-फानन में चहारदीवारी निर्माण से उठा सवाल
मधुबनी- 21 जुलाई। मधुबनी शहर के स्टेशन चौक स्थित हनुमान प्रेम मंदिर के सामने मुख्य सड़क से पश्चिम एक खाली जमीन भू-माफियाओं का दबंगई का अखाड़ा बन गया है। दो साल पूर्व इस जमीन पर टेंपो-ई-रिक्शा स्टैंड निर्माण की योजना बनाई गई थी।
इस भूमि को लेकर एक मामला उच्च न्यायालय, पटना में लंबित है। वाबजूद इसके दो दिन पूर्व इस भूमि पर अज्ञात लोगों द्वारा आनन-फानन में चहारदीवारी निर्माण किया गया। हालांकि मौके पर नगर थाना पुलिस को पहुंचने पर निर्माण कार्य रोक दिया गया। लेकिन पुलिस को निर्माण स्थल से जाने के बाद तत्काल निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया। जानकारी के मुताबिक करीब छह माह पूर्व इस भूमि के कुछ हिस्सा में कुछ लोगों द्वारा चहारदीवारी निर्माण किया गया था। बाद में रात के अंधेरे में कुछ अज्ञात लोगों ने चहारदीवारी ध्वस्त कर दिया। करीब 15 दिन पूर्व भूमि पर सड़क की ओर से दीवार खड़ा कर दिया गया।इसके दो दिन बाद भूमि पर चहारदीवारी का निर्माण किया गया। कुल मिलाकर देखा जाए तो टेंपो-ई-रिक्शा स्टैंड के लिए चिह्नित भूमि पर पिछले छह माह में कई बार चहारदीवारी का निर्माण होना जांच का विषय बन गया है।
जानकारों का माने तो इस भूमि होकर मत्स्य विभाग और रहिका अंचल कार्यालय की सैरात सूची में शामिल खेसरा 570 लोक भूमि पर मिट्टी भराई कार्य की कोशिश से स्थानीय स्तर पर आक्रोश गहराता जा रहा है।



