
मोबाइल और माइक लेकर घूमने वाला हर व्यक्ति पत्रकार नहीं: सुप्रीम कोर्ट
नई दिल्ली- 29 नवंबर। सुप्रीम कोर्ट ने पत्रकारों की पहचान और उनके कानूनी अधिकारों को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। अदालत ने कहा है कि पत्रकार होने का दर्जा कोई व्यक्ति स्वयं नहीं दे सकता। केवल मोबाइल और माइक्रोफोन लेकर घूमने से कोई पत्रकार नहीं बन जाता। स्वयंभू पत्रकारों को मान्यता प्राप्त पत्रकारों के समान कानूनी सुरक्षा मिलना जरूरी नहीं है।
26 नवंबर को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने यह टिप्पणी दिल्ली में अक्टूबर महीने में हुए विरोध-प्रदर्शनों के दौरान पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और हिरासत से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान की।
न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि अदालत इस बात पर विचार करेगी कि पत्रकार किसे माना जाए और क्या मान्यता प्राप्त पत्रकारों को सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर, रील बनाने वालों और स्वयंभू पत्रकारों की तुलना में अधिक सुरक्षा मिलनी चाहिए।
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के बीच संतुलन जरूरी है। पीठ ने सात पत्रकारों के साथ कथित मारपीट और हिरासत के मामले को पूर्व न्यायाधीश आर. सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय जांच समिति के समक्ष रखने का निर्देश दिया।
सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी को डिजिटल मीडिया के दौर में पत्रकारों की पहचान, मान्यता और पेशेवर जिम्मेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



