
मधुबनी में धूमधाम से मनाया जा रहा श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व, ‘जो बोले सो निहाल, सत् श्री अकाल’ से गूंजा शहर
मधुबनी में धूमधाम से मनाया जा रहा श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व, ‘जो बोले सो निहाल, सत् श्री अकाल’ से गूंजा शहर
मधुबनी, 29 नवंबर। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मधुबनी में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर के दातागंज स्थित गुरुद्वारा में सुबह से ही खुशनुमा माहौल है। प्रभात फेरी, अरदास, भजन-कीर्तन और लंगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं। प्रकाश पर्व को लेकर गुरुद्वारा को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पालकी साहब स्थान को काफी पवित्रतापूर्वक सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
रविवार सुबह सिख समुदाय के लोगों द्वारा गुरुद्वारा से प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में शामिल श्रद्धालुओं ने ‘जो बोले सो निहाल, सत् श्री अकाल’ के उद्घोष से पूरे इलाके को गुंजायमान कर दिया। प्रभात फेरी के बाद अरदास की गई और प्रसाद वितरण किया गया।
गुरुद्वारा गुरुनानक दरबार कमेटी के तत्वावधान में वृहद स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। संध्या काल में भजन-कीर्तन होगा, जिसके बाद रात्रि में लंगर का आयोजन किया जाएगा। कीर्तन के लिए बाहर से भी विशेष रागी जत्था पहुंचा है। कार्यक्रम में सिख समुदाय के साथ-साथ अन्य धर्मों के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।
इस अवसर पर गुरुद्वारा के ग्रंथी ने गुरु नानक देव जी के संदेश को याद दिलाया – ‘नाम जपो, किरत करो, वंड छको।’ यानी नाम सिमरन करो, ईमानदारी से मेहनत करो और बांटकर खाओ। गुरु नानक देव जी ने जात-पात से ऊपर उठकर मानवता, समानता, सच्चाई और सेवा का संदेश दिया था। यही संदेश आज भी पूरी दुनिया को रास्ता दिखा रहा है।
कार्यक्रम में गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं।



