
BIHAR:- मंत्री अशोक चौधरी ने सहायक प्रोफेसर पद से दिया इस्तीफा
पटना- 28 नवंबर। बिहार सरकार के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी का सहायक प्रोफेसर पद से इस्तीफा चर्चा का विषय बना हुआ है। बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी ने पटना के ए.एन. कॉलेज में राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर पद से इस्तीफा दे दिया है। 28 नवंबर 2026 को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय की सिंडिकेट बैठक में उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया।
दरअसल, अशोक चौधरी ने 17 फरवरी 2026 को सहायक प्रोफेसर के रूप में कॉलेज में योगदान दिया था। उस समय वे बिहार सरकार में मंत्री होने के साथ विधान परिषद के सदस्य भी थे। नियुक्ति के अगले ही दिन उन्होंने मंत्री और एमएलसी की जिम्मेदारियां निभाने के लिए अवैतनिक अवकाश यानी लियन का आवेदन दिया था।
उनकी नियुक्ति और एक साथ दो पदों पर बने रहने को लेकर सवाल उठने लगे थे। मामला राजभवन तक पहुंचा और लाभ के पद को लेकर कानूनी विवाद खड़ा हो गया। विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा।
अशोक चौधरी ने कहा कि अनावश्यक विवाद से बचने और पार्टी तथा सरकार के हित में उन्होंने इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रोफेसर बनना उनके दिवंगत पिता का सपना था। इस घटनाक्रम के बाद उनकी विधान परिषद सदस्यता और मंत्री पद पर संभावित कानूनी प्रभाव को लेकर भी चर्चा जारी है।



