
MADHUBANI:- कार से नेपाली देसी शराब के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
मधुबनी, 15 अप्रैल। बेनीपट्टी थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के चानपुरा शहदैय्या के समीप मुख्य सड़क से भारी मात्रा में शराब के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार की है। साथ ही एक ऑल्टो कार भी जब्त की है। पकड़े गए तस्कर की पहचान दरभंगा जिला के जाले थाना क्षेत्र के काजीबहेड़ा के निवासी कमलजीत सहनी और इसी थाना के कमलपुर के दीपक जायसवाल के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसएचओ को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार सवार द्वारा स्कूटी में ठोकर मार दिया गया है, जिसके कारण स्कूटी सवार जख्मी हो गए हैं और कार को भीड़ ने पकड़ रखा है। जानकारी मिलते ही एसएचओ ने गश्ती में निकली थाना की एसआई प्रियंका कुमारी को जाकर देखने और कार्रवाई का निर्देश दिया गया। जिसके बाद एसआई दल बल के साथ मौके पर पहुंची और कार में सवार दोनों व्यक्ति को कब्जे में लिया। साथ ही जब पुलिस बल द्वारा कार की तलाशी ली गई तो उसमें रखे 29 कार्टन में रखे 870 बोतल गौरव सौफी नेपाली देसी शराब बरामद हुई। पुलिस दोनों तस्करों को गिरफ्तार और कार तथा शराब जब्त कर थाने लायी।
इस संबंध में बेनीपट्टी के पुलिस इंस्पेक्टर शिव शरण साह ने बताया कि दोनो तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।



