
JHARKHAND:- भारत बंद का राजधानी में आंशिक असर
रांची- 20 जून। राजधानी रांची सहित झारखंड में अग्निपथ योजना के विरोध में बुलाये गये सोमवार को भारत बंद का आंशिक असर रहा। रांची के अल्बर्ट एक्का चौक के आसपास की बड़ी दुकानें बंद रही। सड़कों पर वाहनों का आवागमन सामान्य दिनों की अपेक्षा कम रहा। हालांकि, कोकर, लालपुर, डोरंडा, बरियातू, अरगोड़ा सहित अन्य जगहों की सभी दुकानें खुली रहीं। वहीं, दूसरी ओर आरपीएफ और जीआरपी भी हाई अलर्ट पर रही। बंद को लेकर रांची रेलवे स्टेशन के बाहर सोमवार को सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया था। भारत बंद को लेकर रांची में 30 क्यूआरटी और तीन हजार अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई थी।

सीसीटीवी और डोन कैमरे से भी निगरानी की जा रही थी। रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कि बंद के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बंद में किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। वहीं, झारखंड पुलिस के प्रवक्ता आईजी एवी होमकर ने बताया कि बंद को लेकर राज्य के किसी भी जिले में कोई भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।



