
राष्ट्रपति से मिला इंडी गठबंधन, SIR रद्द करने और CEC को हटाने की मांग, राहुल बोले- राष्ट्रपति ने सबूत मांगे
नई दिल्ली – 09 अक्टूबर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इंडी गठबंधन के नेताओं ने संसद के सेंट्रल हॉल में बैठक के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, उमर अब्दुल्ला, रेवंत रेड्डी और अभिषेक बनर्जी समेत 16 दलों के करीब 150 सांसद मौजूद रहे। बाद में छोटा प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति भवन गया।
विपक्ष का आरोप है कि SIR के नाम पर लाखों पात्र मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, जिससे वोट के अधिकार पर खतरा है। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, SIR प्रक्रिया रद्द करने, काटे गए नामों को बहाल करने और EVM की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की गई है।
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि राष्ट्रपति ने अनियमितता के आरोपों पर प्रमाण देने को कहा है।
गौरतलब है कि इंडी गठबंधन का प्रदर्शन दिल्ली में चौथे दिन भी जारी है। इससे पहले चुनाव आयोग तक मार्च, जंतर-मंतर और राजघाट पर विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया था।
उधर, चुनाव आयोग का कहना है कि SIR कानूनी प्रक्रिया है। इसका मकसद मृत, शिफ्टेड और डुप्लीकेट वोटरों के नाम हटाना है।


