भारत

किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही सरकार: सिंधिया

अशोक नगर- 16 जुलाई। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को अशोक नगर जिले के बहादुरपुर स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित कृषि सम्मेलन में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं, कृषि विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

सिंधिया ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के माध्यम से अशोक नगर जिले के हजारों किसानों के खातों में राशि अंतरित कर उन्हें लाभान्वित किया गया है। यह योजना किसानों की आर्थिक मजबूती का आधार बन रही है। उन्होंने किसानों की बैंकिंग सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बहादुरपुर में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की नई शाखा प्रारंभ किए जाने की जानकारी दी। इससे किसानों को बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा तथा कृषि ऋण एवं अन्य वित्तीय सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि मुंगावली क्षेत्र में नए विद्युत सब-स्टेशनों की स्थापना की गई है, जिससे किसानों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इससे सिंचाई व्यवस्था बेहतर होगी और किसान अपनी फसल का अधिक उत्पादन लेकर उचित लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने खाद एवं यूरिया वितरण व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि जिले में खाद की उपलब्धता पर्याप्त है तथा वितरण में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने गेहूं, चना एवं मसूर की समर्थन मूल्य पर खरीदी, किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों तथा मृदा स्वास्थ्य परीक्षण (सॉयल हेल्थ कार्ड) की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति से खेती अपनाने और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा प्रदेश में वर्ष 2026 को कृषि वर्ष घोषित किया गया है। जिसका उद्देश्य कृषकों की आय में वृद्धि करना, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता विभागों की विभिन्न योजनाओं का लाभ कृषकों को प्रदान करना है। आय में वृद्धि के लिए दूध, फल, सब्जी और मत्स्य पालन को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ अन्य स्रोतों से भी आय के अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!