
बिहार:- NHM संविदा कर्मियों को 10% प्रोत्साहन राशि, राज्य स्वास्थ्य समिति ने मांगा 68.70 करोड़ का आवंटन
पटना – 10 अक्टूबर। राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कार्यरत सभी संविदागत कर्मियों को 10 प्रतिशत मासिक प्रोत्साहन राशि देने के लिए स्वास्थ्य विभाग से अतिरिक्त राशि आवंटित करने का अनुरोध किया है।
कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय द्वारा सचिव, स्वास्थ्य विभाग को लिखा गया पत्र में इसका उल्लेख है।
पत्र के अनुसार, NHM कर्मियों को 1 सितंबर 2025 को प्राप्त मासिक मानदेय पर 10% प्रोत्साहन राशि राज्य योजना मद से देने और 31 अगस्त 2025 के बाद नव नियुक्त कर्मियों को Entry Level Salary पर 10% प्रोत्साहन देने के प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद ने 3 अक्टूबर 2025 की बैठक में मद संख्या-120 के रूप में स्वीकृति दी थी।
इस योजना के लिए वार्षिक 72 करोड़ रुपये के अतिरिक्त व्ययभार की स्वीकृति दी गई है। अब राज्य स्वास्थ्य समिति ने स्वास्थ्य विभाग से अनुरोध किया है कि वार्षिक 72 करोड़ के विरुद्ध वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शेष 68 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि राज्य योजना मद से समिति को आवंटित की जाए।



