
BIHAR:- नाईटी गैंग का खुलासा, अमीन ने नाईटी पहन कर थी 70 लाख की चोरी
बेगूसराय- 27 अगस्त। बेगूसराय में नाईटी पहन कर बड़ी चोरी करने वाले नाईटी गैंग का बेगूसराय पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो शातिर चोर को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि 27 जुलाई की रात नगर थाना क्षेत्र के हर्रख में बिहार के चर्चित जूता चप्पल कारोबारी मो. शाहनवाज आलम उर्फ मुन्ना के घर में ताला काटकर प्रवेश करने के बाद आलमीरा का ताला तोड़कर नगद एवं जेवरात सहित 70 लाख से अधिक की चोरी कर लिया गया था।
सीसीटीवी फुटेज में नाइटी पहने चोर द्वारा एक बार फिर वारदात को अंजाम देने का खुलासा होने के बाद सदर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया है। विशेष टीम में नगर थानाध्यक्ष रामनिवास, लोहिया नगर सहायक थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह एवं जिला आसूचना इकाई को शामिल किया गया। इसके बाद अनुसंधान करते हुए चोरी कांड में शामिल हरर्ख निवासी मो. अमीन एवं मो. शब्बीर को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने बताया कि दोनों ने चोरी कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया है तथा इन लोगों ने बताया है कि जूता कारोबारी मो. मुन्ना अपने घर में हमेशा फोन पर पैसा की बात करते रहते थे। मुन्ना के घर के पीछे मो. शब्बीर का घर है। हमेशा मोटी रकम के बात सुनकर शब्बीर ने मो. अमीन के साथ मिलकर मुन्ना के घर में चोरी करने की योजना बनाई। घटना के दिन अमीन नाईटी पहन कर छत के सहारे घर में घुसा तथा गोदरेज तोड़कर नगद रूपये एवं जेवरात लेकर भाग गया। चोरी का नगद रूपया एवं आभूषण दोनों ने उसी रात रेलवे ट्रैक के बगल में बांट लिया।
अमीन ने अपना हिस्सा साला के सहयोग से दिल्ली भेज दिया तथा शब्बीर ने अपने फूफा संजय सिंह को बेचने के लिए दे दिया। एक चोर के पकड़े जाने के बाद पूछताछ में मिले इनपुट में खुलासा होने पर जिला मुख्यालय में प्रमिला चौक के समीप रहने वाले बागडोव निवासी संजय सिंह को भी हिरासत में ले लिया गया है। एसपी ने बताया कि शहर में नाइटी पहने चोर ने कई बड़ी चोरी की है, इस दोनों की गिरफ्तारी से बड़ी सफलता मिली है, जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।



