भारत

दिल्ली के 4 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू

नई दिल्ली, 15 सितंबर। यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और आधुनिक तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू की है। यह सुविधा नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध कराई जा रही है।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने मंगलवार को बताया कि वाणिज्यिक पहल के तहत शुरू की गई इस सुविधा के माध्यम से यात्री अपने सामान को अस्थायी रूप से सुरक्षित रख सकेंगे। डिजिटल लॉकर में डिजिटल एवं ओटीपी आधारित एक्सेस सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है। इससे यात्री ट्रेन के बीच लंबी प्रतीक्षा अवधि या स्टेशन से बाहर भ्रमण के दौरान अपना भारी सामान सुरक्षित रूप से लॉकर में रख सकते हैं।

यह सुविधा विशेष रूप से पर्यटकों, ट्रेनों के बीच लंबी प्रतीक्षा अवधि वाले यात्रियों और भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए उपयोगी होगी। यात्री अपनी आवश्यकता के अनुसार मिनी, स्मॉल, मीडियम, लार्ज और एक्स्ट्रा लार्ज आकार के लॉकर का चयन कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि सामान जमा करने के लिए यात्री को लॉकर मशीन पर ‘स्टार्ट’ विकल्प चुनकर मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद ओटीपी सत्यापन, लॉकर के आकार और समयावधि का चयन तथा डिजिटल भुगतान करने के बाद सामान लॉकर में रखकर उसे बंद करना होगा।

सामान वापस लेने के लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी सत्यापित करना होगा। इसके बाद ‘रिलीज’ विकल्प चुनकर लॉकर खोला जा सकेगा और सामान निकालने के बाद लॉकर बंद करना होगा। भुगतान के लिए गूगल पे, पेटीएम, फोनपे समेत अन्य डिजिटल माध्यम उपलब्ध हैं।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लगेज लॉकर सुविधा प्लेटफॉर्म नंबर 16 के पास डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के नीचे मेन हॉल में उपलब्ध है। वहीं, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर यह सुविधा मुख्य प्रवेश द्वार के पास सीढ़ियों के बगल में स्थित है। दोनों स्टेशनों पर यह सुविधा 24 घंटे, सातों दिन उपलब्ध रहेगी।

उत्तर रेलवे के अनुसार, दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल पर डिजिटल लॉकर सुविधा जल्द शुरू की जाएगी। स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, सुगमता और उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग को ध्यान में रखते हुए लॉकर लगाए जा रहे हैं। रेलवे का कहना है कि यह पहल यात्रियों के यात्रा अनुभव को और सुविधाजनक बनाने में मदद करेगी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!