
MADHUBANI: आठ वर्षीय बच्ची के साथ दरिंदगी, आरोपी खुलेआम घूम रहा, पीड़ित पिता ने SSP कार्यालय में लगाई न्याय की गुहार
मधुबनी- 07 सितंबर। लदनियां थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय मासूम के साथ हुई हैवानियत के मामले में अब तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार दर-दर भटकने को मजबूर है। सोमवार को पीड़ित पिता ने अपनी बच्ची के लिए न्याय की मांग को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंचकर गुहार लगाई। घटना बीते माह 23 अगस्त की शाम करीब 7 बजे की है।
पीड़ित पिता के अनुसार उनका पड़ोसी आरोपी अजय यादव ने मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो आरोपी के भाइयों ने पीड़िता के परिवार को डरा-धमकाकर वहां से भगा दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। मामले की शिकायत लदनियां थाना में दर्ज कराने के बावजूद पुलिस प्रशासन का रवैया ढुलमुल रहा है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी मुख्य आरोपी बेखौफ होकर खुलेआम घूम रहा है।
पुलिस की शिथिलता से निराश होकर परिजनों को वरिष्ठ अधिकारियों का दरवाजा खटखटाना पड़ा। SSP ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
वहीं, पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि पुलिस ने शीघ्र ही कठोर कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे नहीं भेजा, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में गहरा आक्रोश व्याप्त है।



