
BIHAR: मधुबनी पेंटिंग की राखी ने जीता CM सम्राट चौधरी का दिल, दुनिया भर में चमकेगी मधुबनी की कला
पटना/मधुबनी – 28 अगस्त। मधुबनी की दो प्रसिद्ध मिथिला पेंटिंग कलाकारों की बनाई राखी अब अंतरराष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ चली है। दोनों कलाकारों ने पटना पहुंचकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अपने हाथों से बनाई गई मधुबनी पेंटिंग की उत्कृष्ट राखी बांधी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों कलाकारों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मधुबनी पेंटिंग से बनी इस राखी को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में मधुबनी पेंटिंग की एक अलग पहचान बन चुकी है और राखी के रूप में मिथिला का यह संदेश और उत्कृष्ट कलाकृति अब दुनिया भर में फैलेगी। इस मौके पर कलाकार विनीता झा द्वारा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को मधुबनी पेंटिंग से बनी एक आकर्षक बंडी और उनकी पत्नी के लिए मिथिला पेंटिंग की साड़ी भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने उपहार के लिए आभार जताते हुए कहा कि यह मिथिला की संस्कृति का जीवंत उदाहरण है। मौके पर मुख्यमंत्री ने दोनों कलाकारों को सम्मानित भी किया।

वहीं, कलाकार निशा झा ने नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा के कार्यालय पहुंचकर उन्हें मधुबनी पेंटिंग से बनी राखी बांधी। बता दें कि रक्षाबंधन पर कलाकार विनीता झा और निशा झा द्वारा राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री को मधुबनी पेंटिंग से बनी राखी भेजी गई थी।



