
MADHUBANI:- नशेड़ियों का शिकार बना सुगौना गांव का प्रसिद्ध वनदुर्गा मंदिर, नशेड़ियों ने मंदिर से सामानों की चोरी की, जांच में जुटी पुलिस
मधुबनी- 12 अगस्त। रहिका थाना क्षेत्र के सुगौना गांव में प्रसिद्ध वनदुर्गा मंदिर को असामाजिक तत्वों ने अपना शिकार बनाया है। बीती रात अज्ञात नशेड़ियों ने मंदिर में धावा बोलकर भारी मात्रा में सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद से पुजारी और स्थानीय ग्रामीणों में पुलिस-प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश व्याप्त है।
मंदिर के पुजारी के अनुसार चोरों ने मंदिर में टंगी अलग-अलग प्रकार की पीतल की घंटियों को तोड़कर चोरी कर लिया, जिनका कुल वजन लगभग एक क्विंटल बताया जा रहा है। इसके अलावा चोर मंदिर की दानपेटी और अन्य कीमती सामान भी अपने साथ उठा ले गए। इस वारदात में लगभग 60 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति का नुकसान हुआ है। पुजारी ने बताया कि ठीक दो महीने पहले भी इसी मंदिर से पानी का मोटर चोरी हो गया था।
पुजारी और स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर परिसर और उसके पीछे देर रात तक नशेड़ी युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। ये असामाजिक तत्व मंदिर के पीछे गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार रहिका थाना पुलिस को सूचना दी गई है। आरोप है कि पुलिस रात्रि गश्ती तो करती है, लेकिन मुख्य सड़क से हटकर मंदिर परिसर की ओर रुख नहीं करती, जिससे चोरों का मनोबल बढ़ा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही रहिका थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मंदिर का निरीक्षण किया और पुजारी व ग्रामीणों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने आक्रोशित ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



