
MADHUBANI:- मॉर्निंग वॉक पर निकली तीन महिला को स्कॉर्पियो ने मारी ठोकर, तीनों की मौत
मधुबनी- 09 अगस्त। बेनीपट्टी-दरभंगा स्टेट हाईवे पर रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। घटना जगदंबा पेट्रोल पंप के पास की है, जहां सुबह की मॉर्निंग वॉक पर निकलीं तीन महिलाओं को एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। मृतकों की पहचान पच्चू साह की पत्नी रीता देवी, राजू महतो की पत्नी किरण देवी और अरुण झा की पत्नी फूलदाई देवी के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क को जाम कर दिया, जिससे स्टेट हाईवे के दोनों तरफ लगभग एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की, हालांकि खबर लिखे जाने तक एक मृतका के परिजन शव को सड़क से उठाने को तैयार नहीं थे। पुलिस प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधि परिजनों को समझाने-बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस दुर्घटनाकारित वाहन की तलाश व मामले की छानबीन में जुट गई है।



