
MADHUBANI:- बाबा कपिलेश्वर स्थान मंदिर की संपत्ति की इन्वेंट्री में बाधा उत्पन्न करने वालों पर कार्रवाई के आसार
मधुबनी- 04 जून। रहिका प्रखंड के कपिलेश्वर स्थान मंदिर एवं धर्मशाला न्यास के तहत कपिलेश्वर स्थान मंदिर की दानपात्र और चल-अचल संपत्तियों का इन्वेंट्री कार्य फिर से किया जाएगा। इन्वेंट्री कार्य में बाधा पहुंचाने वाले पंडाओं पर नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई हो सकती है। बता दें कि 25 मई को कपिलेश्वर स्थान मंदिर के कुछ पंडा के विरोध के चलते इन्वेंट्री कार्य नहीं हो सका था। इन्वेंट्री के लिए कपिलेश्वर मंदिर पहुंचे रहिका प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी, राजस्व कर्मचारी सहित अन्य कर्मियों बिना इन्वेंट्री कार्य वापस लौटना पड़ा था। इन्वेंट्री कार्य का करीब आधा दर्जन पंडाओं ने विरोध किया गया था। दानपात्र का ताला खोलने का भी विरोध किया गया। जबकि इन्वेंट्री कार्य के लिए रहिका प्रखंड कार्यालय द्वारा पूर्व में ही सूचना जारी किया गया था।
इधर, गुरुवार को कपिलेश्वर स्थान मंदिर एवं धर्मशाला न्यास के सदस्यों ने बताया कि मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधा और सुचारू व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी। मंदिर के विकास के लिए कार्य किए जाएंगे। मंदिर के दैनिक कार्यों और विकास योजनाओं को नई व्यवस्था के तहत लागू किए जाएंगे। मंदिर में पूजा-पाठ की जिम्मेदारी नई व्यवस्था के तहत संभाली जाएगी। श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले दान में पारदर्शिता अपनाई जाएगी। पूजा-अर्चना में पंडाओं की मनमानी पर अंकुश लगाया जाएगा। पंडाओं द्वारा श्रद्धालुओं के साथ दक्षिणा को लेकर मनमानी से असंतोष देखा जा रहा है।
न्यास के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इसमें बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। पंडाओं का एकाधिकार और अतिक्रमण के खिलाफ ठोस निर्णय लिया जाएगा। धर्मशाला निर्माण, सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जाएगा। बता दें कि न्यास के पदेन अध्यक्ष सदर एसडीओ, उपाध्यक्ष प्रभात रंजन, सचिव सुदर्शन कुमार, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार झा सहित सात सदस्य शामिल हैं।



