
MADHUBANI:- वार्ड सदस्या के पति की चाकू गोदकर निर्मम हत्या, शव डबरा में फेंका
मधुबनी- 03 जून। जिले के कलुआही थाना क्षेत्र अंतर्गत कलिकापुर पंचायत में मंगलवार की रात अपराधियों ने वार्ड सदस्या के पति की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को गांव के ही एक बधार स्थित डबरा में फेंक दिया गया। बुधवार को शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है तथा लोगों में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान कलिकापुर पंचायत के वार्ड संख्या-8 की वार्ड सदस्या सुनीता देवी के पति जयशंकर यादव के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार जयशंकर यादव ट्रैक्टर चालक थे और बालू ढुलाई का कार्य करते थे।
बताया जाता है कि मंगलवार रात करीब 10:15 बजे उन्होंने गांव में रंजीत साहू के यहां आयोजित भोज में भोजन किया था। भोज से लौटने के बाद वे घर गए और रात करीब 12 बजे ट्रैक्टर लेकर खजौली की ओर बालू लाने के लिए निकल पड़े। ग्रामीणों ने बताया कि जयशंकर यादव अक्सर रात के समय ही ट्रैक्टर से बालू लाने जाया करते थे। बुधवार सुबह तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसी बीच सुबह करीब 11 बजे गांव के एक भैंस चरवाहे ने कलिकापुर से खजौली जाने वाली सड़क पर नवटोलिया और रामगढ़ा के बीच स्थित बुढ़वा गाछी के निकट एक डबरा में शव को तैरते हुए देखा। चरवाहे के शोर मचाने पर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। शव की पहचान जयशंकर यादव के रूप में की गई। सूचना मिलने पर मृतक का पुत्र भी घटनास्थल पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से शव को डबरा से बाहर निकाला गया। शव पर कई जगह धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान पाए गए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने बड़ी बेरहमी से उनकी हत्या की है। घटना की सूचना मिलते ही कलुआही थाना की पुलिस हरकत में आई।
थानाध्यक्ष पायल भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों के साथ पुअनि संतोष कुमार सिंह,अंजली कुमारी एवं अन्य जवान भी मौजूद थे। बाद में सदर-2 खजौली की एसडीपीओ कामिनी कौशल तथा फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से विभिन्न नमूने एकत्र कर जांच शुरू कर दी। पुलिस जांच के दौरान मृतक का ट्रैक्टर घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक खेत में बरामद किया गया। इससे यह संभावना जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले जयशंकर यादव को रास्ते में रोका, फिर उनकी हत्या कर शव को डबरा में फेंक दिया। हालांकि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटनास्थल पर मौजूद एसडीपीओ कामिनी कौशल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
वहीं थानाध्यक्ष पायल भारती ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे कलिकापुर गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की निर्मम हत्या की घटना पहले कभी नहीं हुई थी। लोग पुलिस से शीघ्र खुलासा और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। अब पूरे क्षेत्र की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर इस सनसनीखेज हत्या के पीछे कौन लोग हैं और पुलिस कब तक इस मामले का उद्भेदन कर पाती है।



