
सुल्तानगंज के पूर्व ईओ कृष्ण भूषण प्रसाद के घर पहुंचे पूर्व मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता
मधुबनी- 02 मई। सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद के शहर के गदियानी मोहल्ला स्थित आवास पर कुढ़नी के भाजपा विधायक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता पहुंचे। पूर्व मंत्री ने कृष्ण भूषण प्रसाद के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
पूर्व मंत्री ने कहा कि ईओ कृष्ण भूषण प्रसाद के हत्यारे और इस साजिश के अन्य दोषियों को चिह्नित कर कड़ी सजा दिलानी होगी। पुलिस ने मुख्य आरोपी का एनकाउंटर कर त्वरित कार्रवाई की है। पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। सरकार अधिकारियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें। उन्होंने कृष्ण भूषण प्रसाद को एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बताया। अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। शोक सभा में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रतिमा रंजन, मीडिया प्रभारी मनोज कुमार मुन्ना, पवन साह, संजय गुप्ता, मदन साह, राजेश प्रसाद सहित अन्य मौजूद रहे।



