
नमो एप के जरिए महिला आरक्षण संशोधन बिल के बताएंगे फायदे: सत्य नारायण झा
मधुबनी- 20 अप्रैल। नमो एप के प्रदेश सह संयोजक सत्य नारायण झा ने कहा कि नमो एप के माध्यम से महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) से देश की महिलाओं को होने वाले लाभ की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने विपक्ष को महिला आरक्षण विरोधी करार देते हुए कहा कि इस विधेयक से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% (1/3) सीटें आरक्षित का लाभ मिलता। यह ऐतिहासिक कदम भारत में महिला सशक्तिकरण और समावेशी लोकतंत्र की दिशा में एक बड़ा बदलाव होगा।
उन्होंने बताया कि इसके मुख्य फायदे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना, नीति-निर्माण में उनकी आवाज को शामिल करना, लैंगिक समानता को बढ़ावा देना, और जमीनी स्तर (पंचायतों) की तरह संसद, विधानसभाओं में भी सशक्तीकरण सुनिश्चित करना है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जो सीधे तौर पर निर्णय लेने की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण से संबंधित नीतियों में महिलाओं का अनुभव और दृष्टिकोण शामिल हो सकेगा। यह कानून देश की आधी आबादी को शासन में उचित प्रतिनिधित्व देकर लैंगिक समानता के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा कि अधिक संख्या में महिलाओं के चुनाव लड़ने और जीतने से राजनीति में नए महिला नेतृत्व का विकास होगा।महिला प्रतिनिधि अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विकास के लिए महिलाओं से जुड़े मुद्दों को अधिक गंभीरता से उठा सकेंगी। यह लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में लागू होगा।



