
MADHUBANI:- परिवारिक विवाद में हथियार के साथ 3 गिरफ्तार
मधुबनी- 07 अप्रैल। खुटौना थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसिया में परिवारिक विवाद को लेकर सोमवार देर रात्रि तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार, रामदेव महतो के घर पर उनके दामाद और अन्य सहयोगियों द्वारा गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला करने का प्रयास किया गया। घटना के दौरान आरोपियों ने पिस्टल निकालकर रामदेव महतो को जान से मारने की धमकी भी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और साहस दिखाते हुए तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद तुरंत डायल-112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक देशी पिस्टल,एक जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और दो बाईक बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश महतो,रमेश महतो और राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो थाना किशनपुर, जिला सुपौल के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही, मामले की आगे की जांच में जुट गयी है।



