
अमेरिका के आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज को पद से हटाया गया
वाशिंगटन- 03 अप्रैल। अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने ईरान से छिड़े युद्ध के बीच देश के सेना प्रमुख (आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ) जनरल रैंडी जॉर्ज से पद छोड़ने और तुरंत रिटायरमेंट लेने को कहा है। पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने कहा, ” जॉर्ज आर्मी के 41वें चीफ ऑफ स्टाफ के पद से तुरंत प्रभाव से रिटायर हो रहे हैं। युद्ध विभाग जनरल जॉर्ज की दशकों की सेवा के लिए उनका आभारी है। हम उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हैं।”
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, सेना प्रमुख के साथ आर्मी के दो अन्य अधिकारियों जनरल डेविड होडने और मेजर जनरल विलियम ग्रीन को भी उनके पदों से हटा दिया गया है। होडने आर्मी के ट्रांसफॉर्मेशन और ट्रेनिंग कमांड का नेतृत्व कर रहे थे। ग्रीन आर्मी के चैपलेन कोर के प्रमुख थे। आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ जॉर्ज ने इससे पहले 2021 से 2022 तक (बाइडेन प्रशासन के दौरान) रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन के वरिष्ठ सैन्य सहायक के रूप में कार्य किया था। पेशेवर इन्फ़ेंट्री अधिकारी और वेस्ट पॉइंट से स्नातक जॉर्ज ने सबसे पहले पहले खाड़ी युद्ध में और उसके बाद हाल ही में हुए इराक और अफगानिस्तान के संघर्ष में सेवा दी।
हेगसेथ ने और भी कई अधिकारियों को हटाया है। इनमें जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल सीक्यू ब्राउन, नेवल ऑपरेशंस के चीफ एडमिरल लिसा फ्रांचेटी, एयर फ़ोर्स के वाइस चीफ ऑफ स्टाफ़ जनरल जेम्स स्लाइफ और डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल जेफ़री क्रूस शामिल हैं।
आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ का कार्यकाल आमतौर पर चार साल का होता है। जॉर्ज को राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इस पद के लिए नामित किया था और 2023 में सीनेट ने उनकी नियुक्ति की पुष्टि की थी। इसका मतलब है कि सामान्य परिस्थितियों में वह 2027 तक इस पद पर बने रहते। सेना के मौजूदा वाइस चीफ ऑफ स्टाफ़ जनरल क्रिस्टोफर लानेव अब सेना के कार्यवाहक चीफ ऑफ स्टाफ होंगे। वह 2022 से 2023 तक सेना की 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के कमांडिंग जनरल रह चुके हैं।
पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने कहा कि लानेव अनुभवी और युद्ध में परखे हुए लीडर हैं। उनके पास दशकों का ऑपरेशनल अनुभव है, और सेक्रेटरी हेगसेथ को उन पर पूरा भरोसा है कि वे इस प्रशासन के सपने को बिना किसी चूक के पूरा करेंगे।



