
कांग्रेस के कुशासन में असम की पहचान अशांति और इन्सर्जेंसी के साथ जुड़ी थी: राजनाथ सिंह
गोलाघाट (असम)- 31 मार्च। असम विधान सभा चुनाव 2026 के मद्देनजर मंगलवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में चुनवी सभाओं में हिस्सा लेते हुए भाजपा सरकार के पूर्वोत्तर के विकास के लिए उठाए गये कदमों को गिनाया। उन्होंने कहा कि अब असम में विकास और आधारभूत संरचना की बात होती है।
रक्षा मंत्री सिंह आज शोणितपुर जिले के तेजपुर और गोलाघाट जिला के देरगांव विधान सभा क्षेत्रों में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देरदाव में चुनावी सभा में उपस्थित लोगों से कहा कि कांग्रेस के कुशासन में असम की पहचान अशांति और इन्सर्जेंसी के साथ जुड़ी थी। कांग्रेस ने असम समेत पूर्वोत्तर की अनदेखी की लेकिन अब असम में आधारभूत संरचना की बात होती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर अपराध, अलगाववाद, नक्सलवाद और उग्रवाद से निकलकर प्रगति, विकास और समृद्धि की राह पर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में दशकों तक भ्रष्टाचार चरम पर था, लेकिन आज “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के तहत असम के लोगों को सुरक्षा, सम्मान और गरिमा वापस मिली है। कांग्रेस असम में बांग्लादेशी घुसपैठियों को बसाकर वोट बैंक मजबूत करना चाहती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के द्वारा राज्य में चलाए गये विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अगली सरकार में इसे और तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।



