
चैत्र नवरात्र विशेष: देवी दुर्गा की प्रार्थना संग लोकनृत्य का अद्भुत संगम ‘झिझिया’
मधुबनी- 19 मार्च। आधुनिक युग में मधुबनी की लोकनृत्य झिझिया की गरिमा बढ़ी है। चैत्र नवरात्र पर मिथिला की परंपरागत लोकनृत्य झिझिया की प्रस्तुती की जाती है। रंग-बिरंगी पोशाक में पांच से नौ महिलाओं की समूह के सिर पर छिद्र वाले मिट्टी के घैला में जलता दीप होता है झिझिया नृत्य की शुरूआत घरों से शुरू होकर ब्रह्म बाबा स्थल, सार्वजनिक स्थलों के बाद दुर्गा पूजा स्थल पर समाप्त होता है। मिथिला सहित देश के विभिन्न हिस्सों में सरकारी-गैर सरकारी स्तर पर सांस्कृतिक समारोह, नाट्य मंचों के अलावा महानगरों व विदेशों में झिझिया पंसद किए जा रहे हैं।
जिले के एक सौ से अधिक कलाकार एक दशक से देश के विभिन्न हिस्सों में झिझिया की प्रस्तुति करती रहीं हैं। झिझिया की प्रस्तुति में वाद्य यंत्रों में हारमोनियम, ढोलक, खजुरी, बांसुरी व शहनाई का वादन पुरुष कलाकारों द्वारा किया जाता है। शहर के चकदह की लोकरंग संस्था लोकनृत्य, गीत नाट्य को आगे बढ़ाने के लिए वर्ष 1998 से काम कर रहा है। भारत सरकार के गीत और नाटक प्रभाग, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, रांची से वर्ष 2004 में पंजीकृत लोकरंग के तहत फोक ट्रेडिशनल थिएटर एंड रिसोर्स इकाई द्वारा लोक परंपरा की प्रस्तुति कर इसका प्रचार-प्रसार कर रहा है। लोकरंग जिला सहित देशभर में 120 से अधिक मंचों पर झिझिया की प्रस्तुति कर चुकी है।
लोकरंग के अध्यक्ष जटाधर पासवान ने बताया कि सरकार द्वारा प्रतिवर्ष उनके संस्था को देशभर में 60 से अधिक जगहों पर लोक गीत-संगीत, नृत्य की प्रस्तुति कराई है। वहीं, लोककला कुंज के तहत संचालित शहर के बालीवुड डांस स्कूल छात्राओं को फोक डांस का प्रशिक्षण देकर उन्हें करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। बालीवुड डांस स्कूल के निदेशक विक्रांत ने बताया कि नवरात्र पर झिझिया की प्रस्तुति के लिए तैयारी कराई जाती है। भोजपुरी फिल्म कोठा, मैथिली फिल्म बबितिया में झिझिया को जगह दी गई है। द स्टेशन आफ कलर टेली फिल्म में झिझिया को बेहतर ढंग से दर्शाया गया है। वर्ष 2004 से मधुबनी सहित बिहार के पांच हजार से अधिक छात्राओं को झिझिया का निशुल्क प्रशिक्षण दिया है। मधुबनी के बालीवुड डांस स्कूल की छात्राओं ने कर्तव्य पथ, इंडिया गेट, नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड 2025 पर जय मां भारती नृत्य प्रस्तुति में झिझिया की प्रस्तुति ने देश ही नहीं विश्व स्तर पर नई पहचान बनाई।



