
बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत और आवश्यक सुविधाएं हर हाल में ससमय पहुंचें: मुख्यमंत्री
पटना- 04 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को बिहार में बाढ़ की वर्तमान स्थिति का हवाई सर्वेक्षण कर गंगा एवं इसकी सहायक नदियों के जलस्तर, दियारा एवं निचले इलाकों की स्थिति तथा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर बाढ़ की स्थिति, तटबंधों एवं राहत-बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत और आवश्यक सुविधाएं हर हाल में ससमय पहुंचें। सभी प्रभावित जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक अपने-अपने जिले में बने रहें। प्रभावित लोगों की सूची तैयार कर तत्काल राहत उपलब्ध कराएं।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत शिविरों एवं सामुदायिक रसोई केन्द्रों के माध्यम से भोजन एवं राहत सामग्री की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ संवेदनशील एवं निचले क्षेत्रों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए। साथ ही, जल संसाधन विभाग को बक्सर से भागलपुर तक तटबंधों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है। मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।



