
MADHUBANI:- लुट की बाइक व 1.2 किलोग्राम गांजा के साथ दो गिरफ्तार
मधुबनी- 22 फरवरी। लौकहा थाना क्षेत्र से लूटी गई बाइक बरामद के साथ 1.2 किलोग्राम गांजा और दो अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बीते दिन लौकहा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराही के समीप हथियार का भय दिखाकर एक बाइक लूट ली गई थी। पीड़ित द्वारा लौकहा थाना में लिखित आवेदन दिया गया था। जिसके आधार पर लौकहा थाना कांड संख्या-33/26 दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई प्रारंभ की गई।पकड़े गए बदमाश की पहचान लौकही निवाशी दीपक कुमार यादव और कुलदीप कुमार यादव के तौर पर हुई है। लौकहा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि भारत-नेपाल सीमा से ग्राम लक्ष्मीपुर होते हुए एक मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति काले रंग के बैग में संदिग्ध सामग्री लेकर आ रहे हैं। सूचना के सत्यापन हेतु गश्ती पदाधिकारी पु०अ०नि० विकेश कुमार सशस्त्र बल के साथ बंदरझुली चौक पहुंचे। पुलिस वाहन को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे। जिनमें से एक को तत्परता से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक कुमार यादव बताया। बैग की विधिवत तलाशी लेने पर 1.2 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद मोटरसाइकिल की जांच करने पर वह लौकहा थाना कांड संख्या-33/26 में लूटी गई मोटरसाइकिल पाई गई। जबकि दीपक कुमार की निशानदेही पर फरार अभियुक्त कुलदीप कुमार यादव को झौहड़ी चौक से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने 17 फरवरी 2026 की रात्रि पिपराही में मोटरसाइकिल लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में शेष फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु छापामारी जारी है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है तथा अन्य विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।



