
BIHAR:- वैलेंटाइन डे पर प्रेमी लड़की बनकर प्रेमिका से मिलने गांव पहुंचा, ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर कर दी पिटाई
दरभंगा- 15 फरवरी। दरभंगा जिले में वैलेंटाइन डे के अवसर पर एक प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने अजीबोगरीब रूप में पहुंचा। बहेड़ी थाना क्षेत्र के मोटगाह गांव में 22 वर्षीय युवक साहिल खान अपनी प्रेमिका से मिलने लड़की का वेश धारण कर पहुंचा। जहां ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया और जमकर पीटाई कर दी। सुचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी मुश्किल से युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। साहिल खान बिरौल थाना क्षेत्र के रामनगर-सुपौल बाजार का निवासी है।
पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि फेसबुक के माध्यम से उसकी एक युवती से दोस्ती हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। वैलेंटाइन वीक के छठे दिन ‘हग डे’ पर मिलने के लिए साहिल ने फिल्मी अंदाज अपनाया। उसने लड़की का सूट (सलवार-कमीज), बिंदी, मेकअप किया और कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार बुर्का भी ओढ़ा, ताकि गांव के लोग किसी भी तरह का कोई शक न करे। उक्त युवक मोटगाह गांव पहुंचा। परंतु उसकी चाल-ढाल और संदिग्ध हरकतें देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। अफवाह फैली कि “ये कोई बच्चा चोर लड़की है”। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। लोगों ने उसे पकड़कर हाथ-पैर,लात-घूंसे से बुरी तरह पीटा। साहिल की हालत गंभीर हो गई।
सूचना मिलते ही बहेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ से युवक को छुड़ाया और निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामला महज गलतफहमी का है, कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया। सोशल मीडिया पर वायरल घटना का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे “वैलेंटाइन डे का सबसे बड़ा ड्रामा” बता रहे हैं।
यह घटना वैलेंटाइन वीक के दौरान प्यार जताने के तरीकों पर सवाल भी उठा रही है। साथ ही ग्रामीण इलाकों में बच्चा चोरी के डर से लोगों की बढ़ती सतर्कता को भी दर्शाती है। इसी का शिकार प्रेमी साहिल बन गया। प्रेमिका से मिलने के चक्कर में अस्पताल पहुंच गया।



