
MADHUBANI:-डायल 112 वाहन पर तैनात होमगार्ड जवान की ड्यूटी के दौरान मौत
मधुबनी- 14 फरवरी। जिले के घोघरडीहा थाना में डायल 112 वाहन पर तैनात गृह रक्षक 55 वर्षीय सुकन महतो की शनिवार को ड्यूटी के दौरान ही अचानक मौत हो गई। घटना से थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। मृतक जवान थाना क्षेत्र के बसुआरी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार वे नियमित रूप से डायल 112 वाहन पर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष शुभम कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। बाजार एवं स्थानीय लोगों के बीच हृदयाघात से मौत होने की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। साथी जवानों ने सुकन महतो को कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्तित्व का धनी बताया। पुलिस विभाग की ओर से आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। ड्यूटी के दौरान जवान की असामयिक मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।



