
आतंकी हमले में बलिदान वीरों का राष्ट्र हमेशा रहेगा कृतज्ञ: रानी झा
पुलवामा हमले की बरसी पर शहीद जवानों की याद में श्रद्धांजलि सभा
मधुबनी- 14 फरवरी। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा हमले की बरसी पर शहीद जवानों के याद में शहर के तिलक चौक स्थित रीयल राइट्स आफ ह्यूमन के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
श्रद्धांजलि को संबोधित करते हुए सचिव रानी झा ने कहा कि पुलवामा के शहीदों का बलिदान सुरक्षाबलों को आतंकवाद मुक्त राष्ट्र के लिए काम करने के लिए प्रेरित करता है। देश के 40 बहादुरों ने अपने प्राणों की आहुति दी। हमें उन पर गर्व है। हम उन सभी शहीदों के परिवार के प्रति संवेदना जताते हैं जिन्होंने अपना वीर सपूत खोया है। आतंकी हमले में बलिदान हुए शहीदों का राष्ट्र हमेशा कृतज्ञ रहेगा। अध्यक्ष रजनीश झा ने कहा कि भारत हमेशा से शांतिप्रिया देश रहा है। मगर, पड़ोसी देश आतंकवादियों को संरक्षण देकर भारत को कमजोर करने की कोशिश करता रहता है।
भारत में आतंकी गतिविधियों को समर्थन देने वाले देश की स्थिति आज किसी से छिपी नहीं है। दुनिया के देश भारत की ताकत से अवगत है। उन्होंने कहा कि 14 फरवरी को पुलवामा के अवंतीपुरा में जवानों पर आतंकी हमला हुआ था। जिसमें हमारे 40 जवान शहीद हो गए। श्रद्धांजलि सभा में शंकर कुमार, राजेंद्र यादव, गोपाल कुमार, दिलीप कुमार सहित अन्य ने हिस्सा लिया।



