
लाल सिलेंडर अब बनेंगे शोभा की वस्तु,आईओसीएल ने लांच किया पारदर्शी स्मार्ट सिलेंडर
आरा-13 दिसंबर। भोजपुर में वर्षो से घरो के रसोईघरों में इस्तेमाल हो रहे लाल रंग के भारी भरकम सिलेंडर अब धीरे धीरे समाप्त होने के कगार पर पहुंच रहे हैं।एक तरफ जहां जिले के शहरी इलाकों में पाइप लाईन के माध्यम से रसोईघरो में गैस पहुंचाए जाने की शुरुआत हुई है वहीं दूसरी तरफ आईओसीएल ने एक नए प्रयोग के बाद पीवीसी निर्मित हल्के और पारदर्शी गैस सिलेंडर को सामने लाकर भारी भरकम गैस सिलेंडर को रसोईघरो से बाहर करने का रास्ता साफ कर दिया है।
आईओसीएल के नए गैस सिलेंडर को स्मार्ट सिलेंडर का दर्जा दिया गया है।इस सिलेंडर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह पारदर्शी है और इसमें गैस की मात्रा को सीधे देखा जा सकता है।इसकी दूसरी बड़ी विशेषता यह है कि यह वजन में लाल सिलेंडर की तुलना में काफी हल्का है।यह स्मार्ट सिलेंडर अब जिले के स्मार्ट किचन की शोभा बढ़ाएगा।यह सुरक्षा के दृष्टिकोण से काफी सुरक्षित भी है।भोजपुर के अलावे इसे अन्य जिलों में भी लांच करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
आईओसीएल ने इस दिशा में काम को आगे बढ़ाया है।आईओसीएल की तरफ से कहा गया है कि उपभोक्ता अपने लाल सिलेंडर को कंपोजिट फाइबर निर्मित सिलेंडर से बदल भी सकते हैं।भोजपुर की गृहिणियों ने इस नए सिलेंडर को देख खुशी जताया है कि उन्हें लाल सिलेंडर जैसे भारी भरकम सिलेंडर को उठाने से निजात मिलेगी और वे बिना किसी अन्य की सहायता से नए सिलेंडर को इधर उधर कर सकेंगी।आईओसीएल द्वारा लांच किया गया यह स्मार्ट सिलेंडर ब्लो मोल्ड हाईडेंसीटी पॉलीइथाइलीन(एचडीपीई) इनर लाइनर से बना हुआ है।यह पॉलीमर रोल्ड ग्लास की एक पूरी परत से ढका हुआ है।यह एक एचडीपीई बाहरी जैकेट की परत से ढका हुआ है।इसीलिए यह स्मार्ट सिलेंडर काफी सुरक्षित भी है।



