
शराबबंदी को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं करेंगेःCM नीतीश
पटना-15 नवंबर। जनता दरबार के बाद सोमवार को सीएम नीतीश कुमार ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान शराबबंदी के संबंध मंगलवार को होने वाली समीक्षा बैठक के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शराबबंदी को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान फिर से चलाया जायेगा। पहले से चलाये जा रहे कैंपेन की भी समीक्षा की जायेगी। शराबबंदी को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही को हम सहन नहीं कर सकते हैं। समाज में कुछ लोग गड़बड़ करने वाले होते हैं,उन पर नजर रखना बहुत जरूरी है। गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जरूरत होती है।
उन्होंने कहा कि हमलोग देखेंगे कि आखिर कौन लोग शराबबंदी कानून की अवहेलना के आरोप में पकड़े गए हैं। शराबबंदी से पहले शराब के धंधे से जुड़े लोग आजकल कौन काम कर रहे हैं, इस पर भी नजर रखने की जरूरत है। शराबबंदी को और भी मजबूती से लागू करने को लेकर जो भी जरूरी कदम होंगे,वो आगे भी उठाए जायेंगे। लोगों को फिर से जागरूक करने को लेकर अभियान चलाने से लेकर गड़बड़ी करने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को लेकर भी चर्चा की जायेगी।



