भारत

 कर्नाटक ने डबल इंजन सरकार की वापसी का मन बना लिया: PM मोदी

दावणगेरे/नई दिल्ली- 25 मार्च। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को दावणगेरे में कहा कि केवल भाजपा ही कर्नाटक का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित कर सकती है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक ने डबल इंजन सरकार की वापसी का मन बना लिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कर्नाटक के दावणगेरे में भाजपा की विजय संकल्प यात्रा के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज चार विजय यात्रा का यहां महासंगम हो रहा है। प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं को हर बूथ जीतने का मंत्र देते हुए कहा कि इन यात्राओं के जनसमर्थन, उत्साह और उमंग को आगामी तीन माह कड़ी मेहनत करके हर बूथ पर पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा, “आज सुखद संयोग है, आज विजय संकल्प रैली हो रही है और उसी समय कलबुर्गी, कर्नाटक में जो कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कर्मभूमि है मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव था और कलबुर्गी में भारतीय जनता पार्टी के मेयर और डिप्टी मेयर जीत गए। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के घर में भाजपा का विजय डंका बज गया। यह एक प्रकार से विजय संकल्प रैली का शुभ संकेत है कि विजय यात्रा आरंभ हो चुकी है।”
उन्होंने कहा कि कर्नाटक ने लंबे समय से अवसरवादी और स्वार्थी सरकारों को देखा है जिसने राज्य को प्रभावित किया है। इसलिए राज्य के विकास के लिए भाजपा की स्थिर सरकार की जरूरत है। भाजपा कर्नाटक को भारत के विकास की उभरती ताकत बनाना चाहती है जबकि कांग्रेस राज्य को अपने नेताओं के लिए एटीएम बनाना चाहती है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि एक पार्टी के बड़े नेता, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री उनकी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता को सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारने का आनंद ले रहे थे। उन्होंने कहा कि जो अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं कर सकते, वो जनता का क्या सम्मान करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि भाजपा में कोई छोटा-बड़ा नहीं बल्कि बराबर हैं। उन्होंने कहा, “कर्नाटक भाजपा का हर कार्यकर्ता मेरा मजबूत साथी, मित्र और सहोदर है।” मोदी ने कर्नाटक के दावणगेरे में रोड शो किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उनपर फूल फेंक कर स्वागत किया। इसके साथ ही उन्होंने यहां भाजपा की विजय संकल्प यात्रा का समापन भी कर दिया। इस दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भी उनके साथ उपस्थित थे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button