
दुष्कर्म के मुकदमे से बचने के लिए किया निकाह विदाई के समय दहेज में मांगे 20 लाख, 6 पर केस दर्ज
मुरादाबाद- 21 दिसम्बर। मुरादाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र निवासी युवक ने दुष्कर्म के मुकदमे से बचने के लिए पहले पीड़िता के साथ शादी करने की बात कही। निकाह भी कर लिया। बाद में विदाई के समय दहेज में बीस लाख रुपये और सोने की अंगूठियां मांग ली। थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपित पति समेत 6 लोगों पर दहेज मांगने का मुकदमा दर्ज कर लिया।
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के थाना गदरपुर क्षेत्र निवासी युवती ने तहरीर देकर बताया कि चार वर्ष पूर्व फेसबुक के जरिए उसकी भोजपुर थाना क्षेत्र के पीपलसाना निवासी मोहम्मद आसिफ उल हक पुत्र अजीम उल हक से बातचीत शुरू हुई थी। बातचीत के दौरान एक दिन आसिफ ने शादी करने की बात कही। इसके बाद आसिफ युवती के परिजनों से मिलने उसके घर पहुंच गया। बाद में युवती को अपने परिजनों से मिलाने की बात कहकर बुलाया और एक होटल में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि युवती ने जब शादी का दबाव बनाया तो आरोपित ने उसे टाल दिया। इसपर युवती ने आसिफ पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। इसी बीच नवंबर 2021 में युवती काशीपुर में एक शादी समारोह में गई थी। जहां आसिफ ने माफी मांगते हुए शादी की बात कही। इसके बाद फिर एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। साथ ही युवती से मुकदमा वापस लेने की बात कही। बीते अप्रैल माह में दोनों का निकाह हो गया। इसपर युवती के परिजनों ने मुकदमा वापस ले लिया। तीन दिसंबर को विवाह पंजीकरण के बाद युवती की विदाई तय की गई थी। इसमें आसिफ नहीं पहुंचा, जिससे पंजीकरण नहीं हो सका। युवती ने आसिफ को फोन किया गया तो उसने दहेज में बीस लाख रुपये और रिश्तेदारों के लिए सोने की अंगूठियों की मांग रख दी। परेशान होकर युवती के परिजनों ने दोबारा गदरपुर थाने में ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि बुधवार को आसिफ समेत 6 ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।



