
आस्ट्रेलिया से आए दूल्हे ने मप्र के धार जिले की बेटी से भारतीय रीति-रिवाज से की शादी
धार- 20 दिसंबर। जिले के मनावर नगर की पटेल कालोनी स्थित सादिक हुसैन की पुत्री तबस्सुम हुसैन का विवाह आस्ट्रेलिया के ब्रिसबेन में होने से नगर में चर्चा का माहौल बना हुआ है। रविवार की रात आस्ट्रेलिया से आए दूल्हे राजा जब घोड़ी पर सवार होकर सेहरा तथा शेरवानी में बारात लेकर नगर में निकले तो लोग देखते ही रह गए। बराती हिंदी गानों पर डांस करते हुए चल रहे थे। बरात में दूल्हे की मां जेनिफर रिप भी अपनी बहू के स्वजन के साथ बेटे की विवाह में खुशी में झूमती-नाचती नजर आई। तबस्सुम के परिजनों ने विवाह को लेकर आवश्यक तैयारियां की थी।
दो दिन चली शादी में दूल्हा आस्ट्रेलिया के ब्रिसबेन का निवासी ऐश हांसचाइल्ड हैं, जबकि उसकी दुल्हनियां धार जिले के मनावर की बेटी तबस्सुम हुसैन हैं। दुल्हन के भाई रेहान अली ने मंगलवार को बातचीत में बताया कि हमारे परिवार में माता-पिता व तीन बहन और दो भाई हैं। बहन की शादी भारतीय परंपरा अनुसार की गई है। उन्होंने बताया कि तबस्सुम और ऐश हांसचाइल्ड की पहचान तब हुई थी, जब वह आस्ट्रेलिया में पढ़ने के लिए गई थी। परिचय प्रेम संबंध में बदल गया और दोनों की लव स्टोरी शुरू हुई। तबस्सुम और ऐश ने आस्टेलिया में ही दो अगस्त 2022 को कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसके बाद ऐश हमारे परिवार से मिलने भारत आए थे।
उन्होंने बताया कि माता-पिता की मर्जी के बाद भारतीय संस्कृति के अनुसार अब वैवाहिक आयोजन किया गया। शादी करने के लिए ऐश अपनी मां जेनिफर के साथ आए हैं। शनिवार को हमारे घर पर ही मेहंदी और हल्दी का कार्यक्रम किया गया था। इसमें समाजजन के साथ ही नगर के लोग शामिल हुए और रविवार को रिसेप्शन के बाद शाम को बाना निकाला गया था।
दुल्हन तबस्सुम हुसैन ने बताया कि मुझे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आशीर्वाद मिला था। इसमें मुझे पढ़ाई के लिए स्कालरशिप मिली थी। बाद में मास्टर्स का कोर्स करने लिए आस्ट्रेलिया गई, वहां दो साल पढ़ाई करने के बाद मैं इंडिया आईं और काम ढूंढने की कोशिश की, लेकिन मुझे कोई काम नहीं मिला तो मैंने फिर से पीएचडी के लिए अप्लाय किया। मुझे आस्ट्रेलिया की सरकार ने एक करोड़ रुपये की मदद भी की थी। इससे मैंने ऑस्ट्रेलिया जाकर फिर पढ़ाई की। मैं ऐश से मिली। उन्होंने मेरे रीतिरिवाज का सम्मान किया और हम दोनों नें शादी का निर्णय लिया। एक ही स्कूल में पढ़ते थे। दूल्हे ऐश ने बताया कि तबस्सुम और मैं एक ही स्कूल में पढ़ते थे। हमने भारतीय रीति-रिवाज के अनुसार शादी की है। रिटायरमेंट के बाद हम भारत में ही रहेंगे। यहां खेती और बकरी पालन करेंगे।



