
दो बेटियों को बचाने पानी में कूदे पिता, तीनों की मौत
मुर्शिदाबाद- 31 अक्टूबर। जिले के लालगोला में एक दिल दहलाने वाली घटना घटी है। यहां दो बेटियों को बचाने के लिए पिता ने भी जलाशय में छलांग लगा दी जिससे डूबने से तीनों की मौत हो गई है। घटना सोमवार दोपहर की है।
घटना मुर्शिदाबाद के लालगोला प्रखंड के माया क्षेत्र के मुकीमनगर गांव की है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार दो बहनें अनीसा खातून (08) और नफीसा सुल्ताना (11) सोमवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकलीं। पिता खेतों में काम कर रहे थे, इसलिए दोनों बहनें उन्हें दोपहर का खाना देने जा रही थीं। मैदान में जाते समय अनीशा का पैर फिसल गया जिसके बाद वह फिसल कर जलाशय में गिर गई। उसे बचाने के लिए उसकी बहन भी पानी में डूब गई। पास में पिता रायजुद्दीन शेख (45) खेत में काम कर रहे थे। उन्होंने बच्चियों की आवाज सुनी तो वे भी पीछे से आए और पानी में छलांग लगा दी। जलाशय में किचड़ और काफी पानी होने की वजह से तीनों डूब गए।
मामले की भनक लगते ही स्थानीय लोगों ने उन्हें पानी से बचाया। तीनों को कृष्णापुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पहुंचकर तीनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए लालबाग अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। हिन्दुस्थान समाचार /भानुप्रिया /गंगा


