
सुशील मोदी की राजनीति अब ढलान पर : शिवानंद तिवारी
पटना- 02 अक्टूबर। राज्यसभा सांसद सुशील मोदी को नसीहत देते हुए राजद नेता शिवानंद तिवारी ने उन्हें बेचैन आत्मा कहा है । उन्होंने रविवार को यहां कहा कि 50 साल पहले बिहार के आंदोलन से शुरुआत करने वाले सुशील मोदी की राजनीति अब ढलान पर है, अब उन्हें आराम की जरूरत है।
शिवानंद तिवारी ने कहा कि पद प्रतिष्ठा के लिहाज से अपने पचास वर्षों की राजनीतिक यात्रा में सुशील मोदी को जो भी मिला है वह सब तो तेजस्वी यादव ने 33-34 साल की उम्र में ही हासिल कर लिया है। नई उम्र के तेजस्वी यादव की राजनीति तो अभी अपने उठान पर है।
उल्लेखनीय है कि सुशील मोदी ने शनिवार को कहा था कि लालू यादव 2025 से पहले बेटे तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री बना लेना चाहते हैं लेकिन नीतीश कुमार कच्चे खिलाड़ी नहीं हैं। 2024 में अपना सेटिंग होने से पहले वे मुख्यमंत्री की कुर्सी नहीं छोड़ेंगे। इसी बयान पर अब शिवानंद तिवारी ने पलटवार कर दिया है।



