फिल्म निर्माता संदीप सिंह को जान से मारने की धमकी देने वाला बिहार से गिरफ्तार
मुंबई- 04 सितंबर। फिल्म निर्माता संदीप सिंह को फेसबुक पर जान से मारने की धमकी देने वाले 21 साल के एक आरोपित को मुंबई पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने संदीप सिंह की फेसबुक टाइमलाइन पर जुलाई 2022 में धमकी भरे पोस्ट किए थे। इस मामले की शिकायत संदीप सिंह ने मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी। संदीप सिंह अंधेरी वेस्ट में रहते हैं और उन्होंने सरबजीत,अलीगढ़,झुंड और पीएम नरेंद्र मोदी जैसी फिल्मों का निर्माण किया है।
पुलिस के अनुसार एक फेसबुक यूजर ने संदीप सिंह की टाइमलाइन पर एक धमकी भरा संदेश पोस्ट किया था, जिसमें लिखा था, “तुझे सिद्धू मूस वाला की तरह मार दूंगा याद रख।”
दरअसल पंजाबी गायक मूसेवाला की 29 मई को छह लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसी वजह से संदीप सिंह ने अंबोली पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपित के विरुद्ध 6 जुलाई को मामला दर्ज करवाया था। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने फेसबुक से बातचीत कर धमकी देने वाले आरोपी के बारे में जानकारी हासिल की। पुलिस ने पाया कि आरोपित का फेसबुक अकाउंट एक मोबाइल फोन नंबर से जुड़ा था। लेकिन वह नंबर बंद था। जांचकर्ताओं ने तब फोन नंबर से संबंधित कॉल डेटा रिकॉर्ड की जांच की और बिहार के सीवान जिले में आरोपित के स्थान का पता लगाया। उसके बाद अंबोली पुलिस स्टेशन की टीम बिहार गई। उन्होंने स्थानीय पुलिस की मदद से सीवान में आरोपित के घर की तलाशी ली। पुलिस ने फोन रिकॉर्ड की जांच के बाद घर के पीछे खेत में जाल बिछाकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मुंबई पुलिस सीवान में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपित को बिहार से मुंबई ला रही है।



