
महंगाई,जीएसटी,अग्निवीर और बेरोजगारी के खिलाफ जाप का राजभवन मार्च
पटना- 22 अगस्त। बढ़ती महंगाई, खाद्य पदार्थों पर बढ़ी जीएसटी, अग्निपथ योजना और बेरोजगारी के खिलाफ जन अधिकार पार्टी (जाप) ने सोमवार को पटना में राजभवन मार्च निकाला। इसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और आम जनता ने हिस्सा लिया। जाप प्रमुख पप्पू यादव की अगुवाई में निकले इस मार्च में लोगों ने सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारे लगाए और प्रदर्शन किया। मार्च जब डाकबंगला चौराहा पहुंचा तो पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। कार्यकर्ताओं के जबरदस्त विरोध के बावजूद उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया गया।
मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि 2024 के चुनाव में हमें केंद्र सरकार से मुक्ति चाहिए। अगर किसानों को दोगुनी एमएसपी लेनी है तो सत्ता वापस लेनी होगी। अगर रोजगार चाहते हैं और नौजवानों की जिंदगी चाहते हैं तो केंद्र सरकार से मुक्ति लेनी होगी।
देश में वन नेशन-वन पेंशन या वन नेशन-वन एजुकेशन चाहते हैं तो केंद्र सरकार को हटाना होगा। मजदूरों के वेतनमान को बढ़ाना है तो मोदी सरकार से मुक्ति लेना होगा। अग्निवीर योजना देश के युवाओं के लिए अभिशाप की तरह है। हम अग्निवीर योजना को समाप्त करने की मांग करते हैं। किसानों के उत्पादन पर जीएसटी की निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की महिलाओं को सम्मान दिलाने के लिए मोदी सरकार को बदलना होगा।
जाप प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र कुशवाहा ने विरोध मार्च का समर्थन करने के लिए विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह आर-पार की लड़ाई है। कार्यकर्ताओं ने जिस जोश के साथ सरकार की नीतियों का विरोध किया है, एक दिन यह जोश देश के जनता के कल्याण के लिए याद किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्षा रानी चौबे, राष्ट्रीय महासचिव प्रेमचन्द सिंह सहित 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया।



