
बिहार की राजधानी पहुंची ‘अग्निपथ’ की आग, ट्रेन को फूंका
पटना- 17 जून। अग्निपथ की आग अब बिहार की राजधानी पटना भी पहुंच गयी है। पटना में शुक्रवार को अग्निपथ के विरोध में आक्रोशित छात्रों ने फतुहा स्टेशन पर राजगीर फतुहा पैसेंजर ट्रेन को आग के हवाले कर दिया।
केन्द्र सरकार के सेना भर्ती अग्निपथ योजना के विरोध में आंदोलनकारी छात्र शुक्रवार सुबह से ही पटना के फतुहा में उग्र थे। आंदोलनकारी छात्रों ने फतुहा स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या छह पर राजगीर फतुहा पैसेंजर ट्रेन को आग के हवाले कर दिया। इससे ट्रेन धू-धू कर जलने लगी। मौके पर रेलवे पुलिस मौजूद है और छात्रों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रही है लेकिन छात्र इतने गुस्से में हैं कि वे वहां से हटने को तैयार नहीं हैं।
दूसरी ओर से दानापुर में बवाल करते हुए दानापुर स्टेशन पर खड़ी एक एक्सप्रेस ट्रेन को फूंकने के बाद भीड़ ने पार्सल कार्यालय सहित स्टेशन परिसर में जमकर हंगामा किया। हंगामे के बीच छात्रों को शांत कराने मौके पर पहुंचे पटना के जिलाधिकारी और एसपी भी छात्रों के गुस्से का शिकार हो गये। उन पर भीड़ ने पथराव किया। आक्रोशित भीड़ ने स्टेशन की दुकानों, आरामगृह, विश्रामगृह सहित पूरे दानापुर स्टेशन को गुस्साई भीड़ ने आग के हवाले कर दिया।
इसके अलावा उग्र छात्रों ने आज सुबह अशोक राजपथ और पटना के दीदारगंज स्थित टोल प्लाजा पर भी जमकर बवाल काटा। अशोक राजपथ में छात्रों ने पटना कॉलेज के सामने सड़क पर जाम लगा दिया है और आगजनी करके प्रदर्शन करने लगे। पटना में भी छात्र सरकार से यह मांग कर रहे हैं कि अग्निपथ स्कीम को वापस लिया जाए और सेना में पुरानी बहाली प्रक्रिया जारी रखी जाए। पटना के दीदारगंज स्थित टोल प्लाजा पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर तोड़फोड़ की। बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा को आग के हवाले कर दिया है।



